प्रिंट करें
Global Star News
Global Star News

हरिद्वार में नाबालिग लड़कियों से बंधुआ मजदूरी का सनसनीखेज मामला, प्लांट हेड गिरफ्तार

हरिद्वार में दरिंदगी! नाबालिग लड़कियों से बंधुआ मजदूरी का खुलासा

By Gulzar Ahmad | Friday, 27 Mar 2026 Global Star News

रिपोर्ट:- गुलज़ार अहमद

हरिद्वार के सिडकुल क्षेत्र में एक नामी कंपनी में नाबालिग युवतियों के साथ बंधुआ मजदूरी, मारपीट और अमानवीय व्यवहार का गंभीर मामला सामने आया है। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए हरिद्वार पुलिस ने मुख्य आरोपी प्लांट हेड को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 24 मार्च 2026 को कार्तिक एंटरप्राइजेज कंपनी में कार्यरत कुछ महिलाओं एवं युवतियों ने थाना सिडकुल पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में कंपनी के प्लांट हेड रजनीश शर्मा समेत अन्य कर्मचारियों पर गंभीर आरोप लगाए गए। पीड़िताओं ने बताया कि कंपनी में कार्यरत दो युवतियां वास्तव में नाबालिग थीं, लेकिन उनके आधार कार्ड में उम्र बढ़ाकर उन्हें नौकरी पर रखा गया।

आरोप है कि 24 मार्च को कंपनी प्रबंधन द्वारा सभी महिलाओं को ऑफिस में बुलाकर तलाशी के नाम पर उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया। इस दौरान नाबालिग लड़कियों के दुपट्टे से उनके हाथ-पैर बांधकर उनके साथ मारपीट की गई और उन पर चोरी कबूलने का दबाव बनाया गया। इस अमानवीय घटना का वीडियो भी पुलिस के हाथ लगा है।


मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना सिडकुल पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान 26 मार्च को मुख्य आरोपी प्लांट हेड रजनीश शर्मा को पूछताछ के लिए बुलाया गया। पूछताछ में आरोपी के मोबाइल फोन से घटना से संबंधित वीडियो बरामद हुआ। इसके अलावा रिज्यूम और दस्तावेजों की जांच में यह भी सामने आया कि पीड़िताओं के आधार कार्ड की फोटोकॉपी में उम्र बढ़ाकर फर्जीवाड़ा किया गया था।
जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि नाबालिग किशोरियों से वेल्डिंग मशीन जैसे खतरनाक कार्य कराए जा रहे थे, जो कानूनन अपराध है।

पुलिस ने मुख्य आरोपी रजनीश शर्मा (उम्र 42 वर्ष), निवासी रामपुर जेवर थाना जेवर जिला गौतमबुद्धनगर (नोएडा), वर्तमान निवासी पीठ बाजार थाना बहादराबाद को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया है। हरिद्वार पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। साथ ही पीड़िताओं को सुरक्षा और न्याय दिलाने के लिए हर संभव कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

यह घटना न केवल श्रम कानूनों के उल्लंघन को उजागर करती है, बल्कि नाबालिगों के शोषण की गंभीर तस्वीर भी सामने लाती है। प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कड़ी कार्रवाई के संकेत दिए हैं।

Global Star News
Global Star News
★ ★ ★