प्रिंट करें
Global Star News
Global Star News
Saturday, 11 Apr 2026 12:00 am Global Star News

रुड़की के “राजा पहलवान” ने जीता गोल्ड, सम्मान मिला लेकिन मदद अब भी अधूरी

लक्सर विधायक हाजी शहजाद ने उठाई आवाज, खिलाड़ियों के लिए मजबूत सपोर्ट सिस्टम की मांग

By गुलज़ार अहमद | Saturday, 11 Apr 2026 Global Star News

/रिपोर्ट: गुलज़ार 
रुड़की: उत्तराखंड के रुड़की की धरती से निकले एक होनहार खिलाड़ी ने देशभर में अपनी प्रतिभा का परचम लहराया है, लेकिन उसकी सफलता के पीछे छिपी संघर्ष की कहानी अब सियासत के गलियारों तक पहुंच गई है। मेरठ में आयोजित मिक्स मार्शल आर्ट नेशनल चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीतकर इतिहास रचने वाले “राजा पहलवान” को जहां सम्मान और सराहना मिली, वहीं आर्थिक और खेल संबंधी मदद अब तक अधूरी नजर आ रही है।

 राजा पहलवान की इस ऐतिहासिक उपलब्धि के बाद शहर से लेकर राजनीतिक मंचों तक उनका जोरदार स्वागत किया गया। कई बड़े नेताओं और मंत्रियों ने मंच साझा कर फूल-मालाओं से उनका अभिनंदन किया, लेकिन जमीनी स्तर पर सहयोग के नाम पर अभी तक केवल आश्वासन ही मिल रहे हैं। 

इसी बीच लक्सर विधायक हाजी मौ. शहजाद ने पहल करते हुए अपने कैंप कार्यालय पर राजा पहलवान का स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ी का मनोबल बढ़ाते हुए राज्य सरकार पर सीधा दबाव बनाया। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को केवल सम्मान नहीं, बल्कि एक मजबूत सपोर्ट सिस्टम की आवश्यकता है। 

विधायक शहजाद ने स्पष्ट रूप से कहा कि उत्तराखंड में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, लेकिन संसाधनों के अभाव में कई खिलाड़ियों के सपने अधूरे रह जाते हैं। उन्होंने अपनी विधानसभा लक्सर का उदाहरण देते हुए बताया कि वहां से भी कई खिलाड़ी गोल्ड मेडल जीत चुके हैं, लेकिन उन्हें अपेक्षित सहयोग नहीं मिल पाया। 

 

उन्होंने सरकार से मांग की कि खिलाड़ियों के लिए विशेष फंड और बेहतर प्रशिक्षण सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि राजा पहलवान जैसे खिलाड़ी राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी देश का नाम रोशन कर सकें। 

सबसे अहम बात यह रही कि विधायक शहजाद ने मौके पर ही अपने पीए को निर्देश देकर राज्य सरकार को पत्र लिखवाया और राजा पहलवान की हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि जहां तक उनकी क्षमता होगी, वे खिलाड़ियों के हक के लिए हर लड़ाई लड़ेंगे, क्योंकि यही खिलाड़ी देश का भविष्य हैं। 

राजा पहलवान की इस जीत ने जहां रुड़की को गौरवान्वित किया है, वहीं यह मामला अब खिलाड़ियों के अधिकार और सरकार की जिम्मेदारी पर एक बड़ी बहस का रूप लेता जा रहा है।

Global Star News
Global Star News
★ ★ ★