प्रिंट करें
Global Star News
Global Star News

सुल्तानपुर आदमपुर की शाही जामा मस्जिद पहुंचे SDM व CO, मीनार निर्माण की शिकायत की जांच

“प्रशासनिक जांच में अफवाहों पर विराम, मस्जिद में मिला केवल फिनिशिंग और साफ-सफाई का कार्य”

By Gulzar Ahmad | Thursday, 14 May 2026 Global Star News
Global Star News
Global Star News

रिपोर्ट: गुलज़ार अहमद 

लक्सर। नगर पंचायत सुल्तानपुर आदमपुर स्थित शाही जामा मस्जिद में कथित मीनार निर्माण की शिकायत मिलने पर प्रशासन हरकत में आया। शिकायत के बाद लक्सर SDM और CO भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मस्जिद परिसर का निरीक्षण किया। अधिकारियों की मौजूदगी से क्षेत्र में कुछ समय के लिए हलचल का माहौल बना रहा।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मस्जिद कमेटी के सदस्यों और स्थानीय जिम्मेदार लोगों से बातचीत कर पूरे मामले की जानकारी ली। प्रशासनिक टीम ने मस्जिद परिसर के अंदर चल रहे कार्यों का बारीकी से निरीक्षण किया और संबंधित लोगों से आवश्यक दस्तावेज व जानकारी भी प्राप्त की।

जांच में सामने आया कि मस्जिद में किसी नए मीनार का निर्माण नहीं किया जा रहा है। मौके पर केवल साफ-सफाई, रंगाई-पुताई और पहले से अधूरे पड़े कार्यों की फिनिशिंग का काम चलता मिला। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शिकायत के आधार पर जांच की गई थी, लेकिन नए निर्माण की पुष्टि नहीं हुई है।

प्रशासन ने यह भी साफ किया कि बिना अनुमति किसी भी प्रकार का नया निर्माण कार्य नहीं किया जा सकता। यदि भविष्य में नियमों का उल्लंघन करते हुए कोई निर्माण कार्य पाया जाता है तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

मौके पर पुलिस बल तैनात रहा और अधिकारियों ने लोगों से शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की।

★ ★ ★