Global Star News
(रिपोर्ट: गुलज़ार अहमद)- मंगलौर/पीरपुरा। गांव में माहौल खराब करने और ग्राम प्रधान को नुकसान पहुंचाने की नीयत से कथित तौर पर तांत्रिक क्रिया किए जाने का मामला सामने आया है। इंतजार प्रधान पक्ष ने इस संबंध में पुलिस को तहरीर देकर मामले की जांच कराने और आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
प्रधान का आरोप है कि कुछ लोगों द्वारा गांव में भय और तनाव का माहौल पैदा करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने आशंका जताई है कि यदि समय रहते मामले को गंभीरता से नहीं लिया गया तो असामाजिक तत्व धार्मिक स्थलों को निशाना बनाकर आपत्तिजनक वस्तुएं डाल सकते हैं, जिससे गांव में हिंदू-मुस्लिम विवाद उत्पन्न होने की स्थिति बन सकती है।
प्रधान इंतजार ने प्रशासन और पुलिस अधिकारियों से मामले का संज्ञान लेते हुए गांव में सतर्कता बढ़ाने तथा पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि गांव में लंबे समय से आपसी भाईचारा और सौहार्द का माहौल रहा है, जिसे किसी भी कीमत पर खराब नहीं होने दिया जाना चाहिए।और इन लोगों द्वारा पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए बच्चों द्वारा ऐसे घिनौने कार्यों को कराया जा रहा है मेरी पुलिस प्रशासन से अपील है कि उपर्युक्त मामले को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष जांच कराकर मुख्य आरोपियों पर कानूनी कार्रवाई करने का कष्ट करे।
तहरीर मिलने के बाद पुलिस द्वारा मामले की जांच किए जाने की बात कही जा रही है। ग्रामीणों से भी शांति बनाए रखने और किसी तरह की अफवाह पर विश्वास न करने की अपील की गई है। प्रशासन से मांग की गई है कि गांव में धार्मिक सौहार्द बिगाड़ने की किसी भी संभावित कोशिश पर तत्काल कार्रवाई की जाए।