ईद मिलादुन्नबी ﷺ पर दिखी गंगा-जमुनी तहज़ीब, हिंदू भाइयों ने जायरीनों पर बरसाए फूल
धनपुरा-घिस्सुपुरा से चादर लेकर कलियर शरीफ रवाना हुए जायरीन, मुरसलीन शाह जी सैटरिंग वर्क्स पर हुआ भव्य स्वागत, फल भी किए वितरित
- By Gulzar Ahmad --
- Wednesday, 26 Aug, 2026
Global Star News
(रिपोर्ट:गुलज़ार अहमद)-धनपुरा/घिस्सुपुरा। ईद मिलादुन्नबी ﷺ के मुबारक मौके पर बुधवार, 26 अगस्त 2026 को हरिद्वार क्षेत्र के ग्राम पंचायत धनपुरा और घिस्सुपुरा से अकीदतमंदों का जत्था चादर लेकर कलियर शरीफ के लिए रवाना हुआ। इस दौरान क्षेत्र में गंगा-जमुनी तहज़ीब और हिंदू-मुस्लिम भाईचारे की खूबसूरत मिसाल देखने को मिली।
हर साल की परंपरा के अनुसार इस बार भी एंकर फैक्ट्री के सामने स्थित मुरसलीन शाह जी सैटरिंग वर्क्स पर जायरीनों का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इस दौरान मौजूद लोगों ने जायरीनों पर फूलों की बारिश की और उन्हें फल, विशेष रूप से केले वितरित किए।
इस दौरान सबसे खास बात यह रही कि स्वागत और खिदमत में हिंदू समाज के लोगों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। उन्होंने जायरीनों का स्वागत करने के साथ फूल बरसाए और फल वितरित किए। आपसी प्रेम और भाईचारे का यह नजारा क्षेत्र की गंगा-जमुनी तहज़ीब और सामाजिक एकता को दर्शाता नजर आया।
सामाजिक कार्यकर्ता मौ. सलीम ने इस मौके पर सभी साथियों और विशेष रूप से हिंदू भाइयों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि ईद मिलादुन्नबी ﷺ का संदेश प्रेम, शांति, भाईचारे और इंसानियत की सेवा का है। सभी धर्मों के लोगों का मिलकर एक-दूसरे की खुशियों में शामिल होना समाज में आपसी सौहार्द को मजबूत करता है।
उन्होंने कहा कि हमें मिलकर नफरतों को दूर कर खुशियां बांटनी चाहिए और इंसानियत की सेवा को प्राथमिकता देनी चाहिए। उन्होंने दुआ की कि अल्लाह तआला इस छोटी सी कोशिश को कबूल फरमाए और पूरे क्षेत्र में अमन, चैन, बरकत और भाईचारा कायम रखे।





